वाराणसी के एक ही विद्यालय की सात बालिकाएं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम, चित्तौड़गढ़ में होगी 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता

वाराणसी। खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-14 बालिका वर्ग) आगामी 5 से 10 जनवरी तक चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) में आयोजित की जाएगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम में वाराणसी के एक ही विद्यालय की सात छात्राओं का चयन हुआ है।
 
उत्तर प्रदेश टीम में वाराणसी का दबदबा
उत्तर प्रदेश की टीम 12 खिलाड़ियों की होती है, जिसमें पूरे प्रदेश के 74 जिलों से चयन प्रक्रिया के बाद खिलाड़ी चुने गए हैं। खास बात यह है कि इस बार टीम में शामिल 12 में से 7 खिलाड़ी वाराणसी के विकास इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं, जबकि शेष खिलाड़ी प्रदेश के अन्य जिलों से चुनी गई हैं। यह उपलब्धि विद्यालय और जिले दोनों के लिए गर्व का विषय है।

इन छात्राओं को मिला राष्ट्रीय मंच
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ एके सिंह के अनुसार, चयनित छात्राओं में अनैशा सिंह, वंशिका प्रजापति, सेजल सिंह, सोनाली पाल, आयुषी पाल, रितिका प्रजापति और महिमा चौहान शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट हासिल किया है।

विद्यालय में खुशी का माहौल
एक ही विद्यालय की सात बालिकाओं के राष्ट्रीय टीम में चयन से कॉलेज परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। शिक्षकों और अभिभावकों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। सभी को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर भी उत्तर प्रदेश और वाराणसी का नाम गौरवान्वित करेंगी।