लल्लापुरा में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, औचक निरीक्षण में सात कर्मचारी मिले गैरहाजिर, रुका वेतन

शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के बीच सोमवार को लल्लापुरा खुर्द वार्ड में औचक निरीक्षण किया गया। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने वार्ड के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
 

अपर नगर आयुक्त ने बादशाह बाग, कमायनी नगर और रमाकांत नगर का लिया जायजा, बिना सूचना अनुपस्थित मिले कर्मचारी

वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के बीच सोमवार को लल्लापुरा खुर्द वार्ड में औचक निरीक्षण किया गया। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने वार्ड के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अपर नगर आयुक्त ने बादशाह बाग, कमायनी नगर, रमाकांत नगर समेत वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा पिशाचमोचन स्थित सार्वजनिक शौचालय की भी व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई।

68 में 57 कर्मचारी मिले उपस्थित
निरीक्षण के दौरान वार्ड में तैनात कुल 68 सफाई कर्मचारियों में से 57 कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। एक कर्मचारी साप्ताहिक अवकाश पर था, जबकि तीन कर्मचारी पलायित पाए गए। वहीं सात कर्मचारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों के मामले को अपर नगर आयुक्त ने गंभीरता से लेते हुए उनके वेतन में कटौती के निर्देश दिए।

संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण लेने के लिए भी कहा गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी की नियमित निगरानी की जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।

सफाई के साथ जल निकासी पर भी नजर
अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सफाई, जल निकासी और सीवर व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था सीधे तौर पर आमजन की सुविधा से जुड़ी है, इसलिए कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना जरूरी है।

उन्होंने क्षेत्र में नियमित मॉनिटरिंग करने, चिह्नित समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने और सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि ड्यूटी में लापरवाही या बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।