सेवा संकल्प ट्रॉफी: झारखंड को 8 विकेट से हराकर यूपी फाइनल में, रविवार को पश्चिम बंगाल से भिड़ंत
सिगरा स्टेडियम में दिव्यांग क्रिकेटरों का दमदार प्रदर्शन, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों के हौसले को सराहा
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दिव्यांग टी-20 नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी-2026’ में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली। शनिवार को खेले गए मुकाबले में यूपी ने झारखंड को आठ विकेट से पराजित किया। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना पश्चिम बंगाल से होगा।
भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश और ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के आयोजन में दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और बल्ले से गेंद खेलकर किया। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने भी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुकाबले में झारखंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों के सामने उसकी टीम 12 ओवर में महज 48 रन पर सिमट गई। झारखंड की ओर से कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। यूपी के सुजीत कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में केवल दो रन देकर चार विकेट झटके। 49 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
समारोह को संबोधित करते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों से जीवन में हौसला बनाए रखने और विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना करने की सीख लेनी चाहिए। वहीं, बृजेश सिंह ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि खेल प्रतिभा निखारने के साथ समाज में समानता, आत्मनिर्भरता और समावेशिता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह (साजन), शैलेश त्रिपाठी, रामयश मिश्रा, दिलीप मिश्रा, हिमांशु सिंह, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी और चंदन सिंह सिसोदिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।