पीएम के जन्मदिन पर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से रवाना होगी सेवा संकल्प अभियान यात्रा, एस्कार्ट और ट्रैफिक पुलिस रहेगी साथ, पुलिस आयुक्त ने परखी तैयारी 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को लेकर वाराणसी में भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान यात्रा’ भी निकाली जाएगी।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को लेकर वाराणसी में भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान यात्रा’ भी निकाली जाएगी।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 500 बाइक के साथ रैली निकालेंगे। इसके लिए करीब 500 बाइक रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंच चुकी हैं। बाइक रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बनारस से वडनगर के लिए प्रस्तावित इस यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता पुष्पवर्षा कर बाइक सवारों को विदा करेंगे।

आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी की ओर से इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और 25 वर्ष की जनसेवा को समर्पित अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम और बाइक रैली को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का विस्तृत खाका तैयार किया है।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने को कहा। बाइक रैली के दौरान बाइकर्स के साथ एस्कार्ट और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था रहेगी। रैली के निर्धारित मार्ग पर यातायात प्रबंधन के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों का प्रयास है कि रैली के दौरान आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो। इसके लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ पीएसी के जवानों की भी तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और वीआईपी सुरक्षा को लेकर अलग-अलग स्तर पर व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने आयोजन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।