वाराणसी में सनसनीखेज वारदात, युवक की गोली मारकर हत्या, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित सौरव विहार कॉलोनी में हुई सनसनीखेज गोलीकांड की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बीती रात अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किए गए युवक जितेंद्र सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
सोमवार की देर रात पुलिस को सौरव विहार कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पड़े जितेंद्र सिंह को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा। चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर बताते हुए उसका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जितेंद्र सिंह को पीठ में गोली लगी थी। प्रारंभिक जांच और घायल अवस्था में युवक द्वारा दिए गए बयान के आधार पर यह सामने आया है कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोली चलाई और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस इस बयान को जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों से तहरीर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है। मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, आपराधिक विवाद, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।