प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व वाराणसी में सुरक्षा का कड़ा पहरा, पुलिस आयुक्त ने की ब्रीफिंग, हुआ ग्रैंड रिहर्सल
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित आगमन, भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को बीएलडब्ल्यू स्थित कार्यक्रम स्थल पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग की, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं का ग्रैंड रिहर्सल भी कराया गया।
भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपने ड्यूटी कार्ड और आई-कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करें। उन्होंने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और प्रोटोकॉल अनुपालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
रूट डायवर्जन प्लान रहेगा लागू
पुलिस आयुक्त ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। आम नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों पर यातायात संचालित किया जाएगा। साथ ही, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम स्थल नो फ्लाई जोन
कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी मार्ग को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है, जहां ड्रोन सहित किसी भी उड़ने वाली वस्तु के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, जबकि संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी भी लगाई गई है।
ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस कर्मियों को लाउड हेलर और पीए सिस्टम साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यक सूचनाएं समय पर प्रसारित की जा सकें। साथ ही बैरिकेडिंग के लिए पर्याप्त रस्सों की व्यवस्था करने को कहा गया है। सभी पुलिस कर्मियों को निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने, बेहतर टर्नआउट बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने संयमित व्यवहार की दी हिदायत
पुलिस आयुक्त ने आमजन के साथ शालीन और संयमित व्यवहार रखने पर जोर दिया तथा महिलाओं की चेकिंग केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के बाद आयोजित ग्रैंड रिहर्सल में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास किया।
इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक तरुण गाबा, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित कमिश्नरेट, पीएसी और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।