काशी-तमिल संगमम में सुरक्षा में चूक, सीएम योगी के मंच तक पहुंच गया शराबी युवक, मचा हड़कंप
वाराणसी। नमोघाट पर चल रहे तमिल संगमम कार्यक्रम में शुक्रवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद नजदीक तक एक शराबी युवक पहुंच गया, जिससे कुछ क्षणों के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पहले से मुस्तैद एसपीजी कमांडो ने फुर्ती दिखाते हुए युवक को धक्का देकर बाहर किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक लड़खड़ाते कदमों से मंच की ओर बढ़ रहा था और सुरक्षा घेरा भेदकर सीधे सामने पहुंच गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मुख्यमंत्री के SPG कमांडो ने एक झपट्टा मारते हुए उसे काबू में कर लिया। कमांडो की फुर्ती इतनी तेज थी कि दर्शक पल भर के लिए हैरान रह गए।
युवक को तत्काल सुरक्षा टीम ने हिरासत में ले लिया और मंच क्षेत्र से दूर ले जाया गया। घटना के बाद कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन कार्यक्रम सामान्य रूप से जारी रखा गया। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना स्पष्ट रूप से बताती है कि इतनी बड़ी सभा में सुरक्षा की एक छोटी-सी चूक भी बड़ा खतरा बन सकती थी। हालांकि, कमांडो की सतर्कता ने संभावित दुर्घटना को टाल दिया।