सावन का दूसरा सोमवार: एक लेन कांवड़ियों के लिए रिजर्व, विश्वनाथ धाम मार्ग नो-व्हीकल जोन
वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर काशी में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक मोहनसराय से चांदपुर चौराहे तक एक लेन को कांवड़ वाहनों के लिए आरक्षित रखा गया है। इस लेन में कांवड़ वाहनों के अलावा अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
वाराणसी सीमा के मिर्जामुराद स्थित गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय और मुदेला तिराहा होते हुए चांदपुर तक बाईं लेन पूरे सावन माह में कांवड़ वाहनों के लिए सुरक्षित रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग और यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
रविवार रात से शहर में बदलेगी व्यवस्था
रविवार और सोमवार की रात 11 बजे खुलने वाली नियमित नो-एंट्री को इस बार नहीं खोला जाएगा। हालांकि सब्जी, फल, दूध, समाचार पत्र और एलपीजी गैस की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। रविवार रात से मंगलवार सुबह छह बजे तक बेनिया से रामापुरा, खारीकुआं होते हुए गोदौलिया तक केवल पैदल आवाजाही की अनुमति रहेगी। मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर पहले से लागू नो-व्हीकल व्यवस्था जारी रहेगी। गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट और पीडीआर मॉल से रामापुरा तक भी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि शहर में अंतरजनपदीय और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, प्रयागराज और भदोही की ओर से आने वाली बसों, ट्रकों और अन्य बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को आवागमन के लिए रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का इस्तेमाल करना होगा।