भारी बारिश की आशंका पर वाराणसी में कक्षा 1 से 5 तक स्कूल बंद, 6 से 12 तक बदला समय
वाराणसी। मौसम संबंधी परिस्थितियों और अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए वाराणसी में 9 सितंबर को कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के अनुसार यह व्यवस्था प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक संचालित सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगी।
वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यालय बंद नहीं रहेंगे, लेकिन उनके संचालन का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। अवकाश के दौरान कक्षा 1 से 5 तक के परिषदीय विद्यालयों के सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने-अपने विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान उन्हें अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस समेत विभागीय कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह की ओर से जारी आदेश में सभी विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।