रिंग रोड से जुड़ेगी सारनाथ एलिवेटेड रोड, बेहतर होगी कनेक्टिविटी, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सारनाथ को आउटर रिंग रोड से बेहतर तरीके से जोड़ने की दिशा में फरीदपुर से सारनाथ तक बन रही एलिवेटेड रोड परियोजना पर तेजी से काम जारी है। गुरुवार को नगर निगम, जिला प्रशासन और सेतु निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और कार्य में आने वाली संभावित बाधाओं पर चर्चा की।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
सेतु निगम द्वारा निर्मित की जा रही यह एलिवेटेड रोड शहर की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। यह मार्ग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी), सारनाथ रेलवे स्टेशन, वियतनाम मंदिर और कस्तूरबा गांधी विद्यालय के निकट से होकर गुजरेगा। इसके तैयार होने के बाद सारनाथ तक पहुंचने वाले स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आउटर रिंग रोड से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से यातायात का दबाव भी कम होगा।
नगर निगम के अनुसार यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाएगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय विकास को भी नई गति देगी। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य को गति देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अमरेंद्र तिवारी, जिला प्रशासन तथा सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।