काशी पहुंचे संत निरंजन दास, शोभायात्रा में शामिल हो सकते हैं पंजाब सीएम भगवंत मान, गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकलेगी शोभायात्रा
वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में देशभर में संगत को जागरूक करने के लिए 30 नवंबर को काशी से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पांच दिसंबर को पंजाब पहुंचेगी। इसमें शामिल होने के लिए डेरा सचखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास शनिवार देर रात वाराणसी पहुंच गए। उनके आगमन से रविदास मंदिर में तैयारियों और धार्मिक आयोजनों को लेकर उत्साह बढ़ गया है। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए देश-विदेश से अनुयायी पहुंच रहे हैं।
संत निरंजन दास रविवार को सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास जन्मस्थान मंदिर में मत्था टेकेंगे। इसके बाद कीर्तन दरबार में शामिल होंगे। वहीं, 30 नवंबर को प्रस्तावित शोभायात्रा में शामिल होने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी काशी आने की संभावना है। उनके साथ पंजाब सरकार के कई मंत्रियों के पहुंचने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
शोभायात्रा में शामिल होने के लिए अब तक दो हजार से अधिक संगत काशी पहुंच चुकी है। रविवार को भी बड़ी संख्या में संगत के आने की उम्मीद है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आगमन और आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी केएल सरोवा के अनुसार, संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर देशभर में तैयारियां चल रही हैं। अगले वर्ष होने वाले प्रकाश पर्व के आयोजन में विदेशों से भी अधिक से अधिक श्रद्धालु शामिल हों, इसके लिए संत रविदास समुदाय के लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 नवंबर को काशी में शोभायात्रा और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।