गोलाघाट में घर के अंदर खून से लथपथ मिला सफाईकर्मी का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस 

आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलाघाट में नगर निगम के सफाईकर्मी विनोद का खून से लथपथ शव घर के अंदर मिला। मृतक के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव घर में रखे जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही। 
 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलाघाट में नगर निगम के सफाईकर्मी विनोद का खून से लथपथ शव घर के अंदर मिला। मृतक के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव घर में रखे जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही। 

रिश्तेदारों के मुताबिक, विनोद के कान, चेहरे और सिर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। घर के अंदर इस हालत में शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि मौत के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक के रिश्तेदार सुमित कुमार ने बताया कि विनोद के कान, चेहरे और सिर पर चोट के कई निशान हैं। उनका आरोप है कि चोटों की स्थिति देखकर हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सुनील कुमार के अनुसार, विनोद का किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार के लोग स्तब्ध हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विनोद की मौत किसी हमले, दुर्घटना या किसी अन्य वजह से हुई। मामले में हत्या की आशंका समेत किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की असल वजह जानने के लिए जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।