बनारस में सपा कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन, शरीर पर कीचड़ और मिट्टी लगाकर जताया विरोध, अपर नगर आयुक्त को सौंपा पत्रक 

शहर की जर्जर सड़कों और गड्ढों की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों के गड्ढों में खड़े होकर और शरीर पर मिट्टी लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उन्होंने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें शहर में सड़कों की खराब स्थिति से होने वाली दुर्घटनाओं, जाम, जलभराव और नागरिकों की असुविधाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की। चेताया कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। 
 

वाराणसी। शहर की जर्जर सड़कों और गड्ढों की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों के गड्ढों में खड़े होकर और शरीर पर मिट्टी लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उन्होंने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें शहर में सड़कों की खराब स्थिति से होने वाली दुर्घटनाओं, जाम, जलभराव और नागरिकों की असुविधाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की। चेताया कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। 

सपा नेता जीशान अंसारी ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर खतरनाक गड्ढे मौजूद हैं। विभिन्न कार्यों के लिए सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे बारिश के बाद गड्ढे और गहरे हो गए हैं। इससे रोजाना दर्जनों लोग चोटिल हो रहे हैं और सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। खासकर स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति खतरनाक है। गड्ढों के कारण एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी कठिनाई हो रही है।

सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ ने निर्माण में भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में बनी सड़कों पर भी गड्ढे दिखने लगे हैं, जो गुणवत्ता पर सवाल उठाते हैं। सपा प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। साथ ही, कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच और लापरवाह ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। उन्होंने स्थायी समाधान के लिए जल निकासी, सड़क निर्माण और रखरखाव की स्पष्ट नीति की भी मांग की।

अपर नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे जन आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, अमित कुमार, उरूज रफी, राजिश, कैफ, रजत, परवेज, जीशान, अयान अंसारी, विक्की गुप्ता, योगेश यादव, राज श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।