श्रावण में बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, तैयारियों को समय से पूरा करें: सुरेश खन्ना
श्रावण मास, सीएम के प्रस्तावित दौरे और शहर की विकास परियोजनाओं को लेकर प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने की उच्चस्तरीय समीक्षा
कोर कमेटी की बैठक में सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे, गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर, अमृत 2.0 परियोजनाओं और संत रविदास जयंती की तैयारियों पर चर्चा
श्रावण मास में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर और अमृत 2.0 परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
रामनगर में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण, मलिन बस्ती का किया निरीक्षण
वाराणसी। पावन श्रावण मास के दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में शनिवार को सिगरा स्थित महापौर अशोक कुमार तिवारी के आवास पर कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी श्रावण मास, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में 29 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। श्रावण मास के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही वाराणसी में स्वीकृत गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर और अमृत 2.0 के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक कुमार तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त, वीडीए उपाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रामनगर में निरीक्षण
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री रामनगर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात उन्होंने मलिन बस्ती और बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप गलियों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। बाद में सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर निर्माणाधीन संग्रहालय और सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास और आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।