बेस्ट गंगा टाउन में देश में तीसरा स्थान मिलने पर नगर निगम में जश्न, सम्मानित हुए सफाई मित्र

गंगा के घाटों से लेकर शहर की गलियों तक स्वच्छता की मुहिम में जुटे सफाई मित्रों की मेहनत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली तो नगर निगम में भी उत्सव का माहौल बन गया। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल करने पर शुक्रवार को सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही अगले वर्ष काशी को देश में प्रथम स्थान दिलाने का संकल्प भी लिया गया।
 

सफाई मित्रों का महापौर ने किया सम्मान, मिठाई खिलाकर बढ़ाया हौसला, अगले स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में अव्वल आने का लक्ष्य

बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान मिलने पर सम्मान समारोह और समीक्षा बैठक

वाराणसी। गंगा के घाटों से लेकर शहर की गलियों तक स्वच्छता की मुहिम में जुटे सफाई मित्रों की मेहनत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली तो नगर निगम में भी उत्सव का माहौल बन गया। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल करने पर शुक्रवार को सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही अगले वर्ष काशी को देश में प्रथम स्थान दिलाने का संकल्प भी लिया गया।

नगर निगम के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में दिन-रात जुटे सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत और समर्पण के बिना ऐसी उपलब्धि हासिल करना संभव नहीं है। उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति या विभाग की नहीं, बल्कि काशीवासियों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

महापौर ने कहा कि तीसरा स्थान मिलने से जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब सभी को मिलकर अगले स्वच्छता सर्वेक्षण में काशी को देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए काम करना होगा। इसके लिए सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ जनभागीदारी भी बढ़ानी होगी।

अगले साल पहले पायदान पर पहुंचने की तैयारी
सम्मान समारोह के बाद आगामी वर्ष की स्वच्छता कार्ययोजना को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर निगम की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की गई। पार्षदों से भी सुझाव लिए गए, ताकि वार्ड स्तर पर स्वच्छता अभियान को और गति दी जा सके।

कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद अशोक मौर्य, मदन मोहन तिवारी, बलिराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, सिंधु सोनकर, प्रमोद राय, सुरेश पटेल और मदन मोहन दुबे सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।