हरिश्चंद्र महाविद्यालय में रोजगार मेले का आयोजन, 202 छात्रों का हुआ चयन
वाराणसी। शहर के हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन सेवा योजना कार्यालय, चौकाघाट के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री शेषधर चौबे रहे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने छात्रों को इस तरह के आयोजनों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मेला प्रभारी दीप सिंह ने भी विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे कंपनियों के आकार को देखकर निर्णय न लें, बल्कि अनुभव प्राप्त करने के अवसर को प्राथमिकता दें, क्योंकि यही अनुभव आगे बेहतर करियर के द्वार खोलता है।
महाविद्यालय के आईक्यूएसी विभाग प्रभारी प्रो. अनिल कुमार के अनुसार, इस रोजगार मेले में कुल 19 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। मेले में 396 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 202 छात्रों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। प्रमुख कंपनियों में Larsen & Toubro, Tata Consultancy Services और पोखराज जैसी कंपनियां शामिल रहीं। यह मेला छात्रों के लिए रोजगार पाने का एक सशक्त मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. विश्वनाथ वर्मा ने की, जबकि वाणिज्य विभाग के प्रो. अशोक सिंह ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन में प्लेसमेंट सेल की इंचार्ज डॉ. दिव्यानी बरनवाल, श्री अजय गौतम, श्री शारांश लोहिया एवं डॉ. रविकांत कसौधन सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिव्यानी बरनवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रविकांत कसौधन ने दिया।