एशियन गेम्स में बरेका के रोहित यादव ने रचा इतिहास, जैवलिन थ्रो में जीता कांस्य

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी रोहित यादव ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहित की इस उपलब्धि से देश के साथ ही बरेका का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता की जानकारी मिलते ही बरेका परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।
 

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर बढ़ाया देश और बरेका का गौरव, बरेका परिवार में खुशी का माहौल

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी रोहित यादव ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहित की इस उपलब्धि से देश के साथ ही बरेका का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता की जानकारी मिलते ही बरेका परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

रोहित यादव बरेका के इलेक्ट्रिक विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वह वर्ष 2018 से बरेका में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विभागीय जिम्मेदारियों के साथ खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखते हुए उन्होंने जैवलिन थ्रो में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

खेल के साथ निभाई विभागीय जिम्मेदारी
बरेका में सेवा के दौरान रोहित यादव ने खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं में निरंतर भागीदारी जारी रखी। एशियन गेम्स-2026 में भारत की ओर से जैवलिन थ्रो स्पर्धा में हिस्सा लेकर उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी उपलब्धि को बरेका की खेल प्रतिभाओं के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महाप्रबंधक ने दी बधाई
रोहित यादव की उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रोहित के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता ने बरेका परिवार का गौरव बढ़ाया है। खेल संघ के पदाधिकारियों और बरेका परिवार के अन्य सदस्यों ने भी रोहित यादव को शुभकामनाएं दीं।

रोहित यादव की सफलता से बरेका में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा और समर्पण का परिचय दिया है।