रोहनियां पुलिस ने हत्याकांड का किया खुलासा, 25-25 हजार के इनामी दो आरोपी गिरफ्तार

रोहनियां थाना क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनामी दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ के साथ ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 
 

वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनामी दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ के साथ ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार सुबह जगतपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रोहित कुमार पटेल निवासी घमहापुर और गोविन्द पटेल निवासी हरदत्तपुर, घमहापुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हत्या के मामले में नामजद थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 29 मार्च का है। महिला ने थाना रोहनियां में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पुत्र सोनू अली को मोबाइल चोरी के विवाद में रोहित पटेल और उसके साथियों ने मिलकर बुरी तरह पीटा था। गंभीर चोटों के कारण सोनू अली की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के बाद से ही आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। अंततः मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।