रोहनिया थाना का होगा कायाकल्प: 10 करोड़ से बनेगा आधुनिक G+2 भवन, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क की सुविधा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत रोहनिया थाना के नव-निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास बुधवार 25 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल और रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। विधिवत पूजन-अर्चन के बाद शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई।
अत्यंत जर्जर और अनुपयुक्त हो चुके पुराने थाना भवन को ध्वस्त कर लगभग ₹10 करोड़ की लागत से आधुनिक G+2 मॉडल पर नया थाना भवन एवं एसीपी कार्यालय निर्मित किया जाएगा। निर्माण कार्य को 08 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे क्षेत्र की पुलिसिंग व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित हो सके।
नवीन भवन में महिला हेल्प डेस्क, जन शिकायत कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, एसीपी कार्यालय, आधुनिक अभिलेख कक्ष तथा डिजिटल कार्य प्रणाली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आगंतुकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक प्रतीक्षालय एवं कैफेटेरिया की सुविधा भी विकसित की जाएगी, ताकि पुलिस-जन संवाद अधिक पारदर्शी और जन-अनुकूल बन सके।
कमिश्नरेट वाराणसी में आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण के तहत फूलपुर, लालपुर-पांडेयपुर, शिवपुर, बड़ागांव और मिर्जामुराद सहित कुल 05 नए थानों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिनमें 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है।
इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन परिसर में 196 टाइप-2 और 96 टाइप-1 आवासों का निर्माण भी जारी है, जिससे पुलिस बल को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।