10 करोड़ से रोहनिया थाना बनेगा आधुनिक, अंग्रेजों के जमाने की इमारत को मिलेगा नया रूप, विधायक डॉ. सुनील पटेल व पुलिस आयुक्त ने किया शिलान्यास

वाराणसी। रोहनिया में बुधवार को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संयुक्त रूप से रोहनिया थाना के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन कर शिलापट्ट का अनावरण किया और भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से जी-2 मॉडल में बनने वाला नया थाना भवन आगामी 8 से 12 महीनों में तैयार हो जाएगा।
 
अंग्रेजों के जमाने की जर्जर इमारत का होगा पुनर्निर्माण
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बताया कि वर्तमान रोहनिया थाना भवन अंग्रेजों के समय का बना हुआ था और काफी जर्जर हो चुका था। सुरक्षा और सुविधाओं की दृष्टि से इसे तोड़कर आधुनिक मानकों के अनुरूप नए भवन का निर्माण आवश्यक हो गया था। उन्होंने कहा कि नया थाना भवन क्षेत्र की बढ़ती आबादी और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा।

जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर होगा निर्माण
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि नए थाना भवन के निर्माण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भवन में महिला हेल्प डेस्क, जन शिकायत कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क तथा एसीपी कार्यालय की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी आएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि वाराणसी में कुल छह नए थानों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें फूलपुर, लालपुर, पांडेयपुर और रोहनिया प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन में 196 जी-2 टाइप के नए निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों व गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी वरुणा जोन नीतू, अंडर ट्रेनिंग आईपीएस मानसी, एसीपी संजीव शर्मा, रोहनिया व्यापार संघ अध्यक्ष दसमी यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नए थाना भवन के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और उम्मीद जताई कि इससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।