बरसात के बाद खराब हुई सड़कों की होगी मरम्मत, लापरवाही पर नपेंगे अफसर, नगर आयुक्त ने 10 से 20 सितंबर तक रेस्टोरेशन पूरा करने का दिया अल्टीमेटम
वाराणसी। शहर में सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की बरसात के बाद जल्द मरम्मत कराई जाएगी। नगर निगम ने सड़क रेस्टोरेशन के कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया है। सोमवार को भेलूपुर स्थित जलकल विभाग में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को 10 से 20 सितंबर के बीच सभी लंबित रेस्टोरेशन कार्य हर हाल में पूरा कराने का आदेश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश समाप्त होते ही सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि पाइपलाइन और सीवर कार्यों के कारण नागरिकों को लंबे समय तक खराब सड़कों की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 सितंबर को दोबारा कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और अभियंताओं की कार्यप्रणाली को लेकर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। समीक्षा में सामने आया कि कई स्थानों पर निर्माण एवं रेस्टोरेशन का काम पूरा हो चुका है, लेकिन संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं की ओर से मेजरमेंट बुक (एमबी) में समय से प्रविष्टि नहीं की जा रही है। इसके चलते पूर्ण हो चुके कार्यों की फाइलें आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। नगर आयुक्त ने सभी पूर्ण कार्यों की एमबी प्रविष्टि 15 सितंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया और फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर कड़ी चेतावनी दी।
ओवरहेड टैंक परिसरों से हटेगा अतिक्रमण
बैठक में जलकल विभाग के ओवरहेड टैंक (ओएचटी) परिसरों की सुरक्षा और रखरखाव पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने सभी टैंक परिसरों की बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग, टूंटी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर चारदीवारी क्षतिग्रस्त है या अतिक्रमण की शिकायतें हैं, वहां तत्काल कार्रवाई कर परिसर को सुरक्षित बनाने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने दी जाए। नगर निगम का लक्ष्य बरसात के बाद शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द दुरुस्त कर नागरिकों को राहत देना है।