काशीवासी अब बिना लाइन में लगे करेंगे बाबा कालभैरव का दर्शन, मंदिर प्रशासन लागू करेगा नई व्यवस्था 

काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए अब स्थानीय श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंदिर प्रशासन ने काशीवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्थानीय निवासी आधार कार्ड दिखाकर प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तक दर्शन कर सकते हैं। 
 

वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए अब स्थानीय श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंदिर प्रशासन ने काशीवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्थानीय निवासी आधार कार्ड दिखाकर प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तक दर्शन कर सकते हैं। 

मंदिर प्रशासन के अनुसार, नई व्यवस्था सावन माह से लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत सुबह 5 बजे से 6 बजे तक का समय विशेष रूप से स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान काशीवासी सीधे मंदिर में प्रवेश कर बाबा के दर्शन-पूजन कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय लोगों को भीड़भाड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत प्रदान करना है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की तर्ज पर बाबा कालभैरव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर के महंत मोहित योगेश्वर ने बताया कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए वाराणसी पहुंचते हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के कारण मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव बढ़ता जा रहा है।