RERA की मंजूरी अंतिम चरण में, अगले सप्ताह से शुरू हो सकता है ‘आनंद काशी’ में पंजीकरण

कल्लीपुर क्षेत्र में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की ओर से विकसित की जा रही ‘आनंद काशी आवासीय योजना (फेज-1)’ के पंजीकरण का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। योजना के RERA अनुमोदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और अगले सप्ताह से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की।
 

काशी की थीम पर विकसित हो रही वाराणसी की पहली गेटेड सिटी में 1,004 आवासीय प्लॉट समेत व्यावसायिक

शैक्षणिक और हेल्थकेयर सुविधाएं होंगी, 4.94 एकड़ में बनेगा केंद्रीय पार्क

वाराणसी। कल्लीपुर क्षेत्र में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की ओर से विकसित की जा रही ‘आनंद काशी आवासीय योजना (फेज-1)’ के पंजीकरण का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। योजना के RERA अनुमोदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और अगले सप्ताह से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की।

लगभग 4,56,398.69 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस योजना को काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत की थीम पर तैयार किया जा रहा है। प्राधिकरण के अनुसार यह वाराणसी की पहली समेकित गेटेड सिटी होगी, जिसमें आधुनिक नगरीय सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है।

1,004 आवासीय प्लॉट होंगे विकसित
योजना के पहले चरण में कुल 1,004 आवासीय प्लॉट, तीन ग्रुप हाउसिंग भूखंड, 108 व्यावसायिक भूखंड, एक शैक्षणिक भूखंड, एक हेल्थकेयर भूखंड, एक कम्युनिटी सेंटर और दो यूटिलिटी भूखंड विकसित किए जाएंगे। आवासीय प्लॉट 72, 162, 200 और 288 वर्ग मीटर की श्रेणियों में होंगे। बेहतर आवागमन के लिए 24, 18, 12 और नौ मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। योजना में जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था और वर्षा जल निकासी जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

4.94 एकड़ में बनेगा केंद्रीय पार्क
आनंद काशी टाउनशिप का प्रमुख आकर्षण करीब दो हेक्टेयर यानी 4.94 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा केंद्रीय पार्क होगा। पार्क में नटराज प्रतिमा और जल फव्वारे से सुसज्जित केंद्रीय प्लाजा के साथ ओपन लॉन, एम्फीथिएटर, चिल्ड्रन प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, सीनियर सिटीजन जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके चारों ओर पैदल-अनुकूल मार्केट प्लाजा और चार प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित किए गए हैं।

3.71 एकड़ में विकसित होगा मियावाकी वन
पर्यावरण संरक्षण के तहत योजना की सीमा के समीप करीब 3.71 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित किया जाएगा। योजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्र हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि आनंद काशी आवासीय योजना को आधुनिक सुविधाओं, सुव्यवस्थित अवसंरचना और हरित परिवेश के साथ विकसित किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य काशी की सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक नगरीय सुविधाओं से जोड़ते हुए बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है।