राजघाट पुल की मरम्मत टली, रेलवे से अनुमति नहीं मिली
वाराणसी। चंदौली और वाराणसी को जोड़ने वाले राजघाट पुल की मरम्मत का कार्य फिलहाल टल गया है। रविवार रात से पुल पर मरम्मत शुरू होनी थी, लेकिन रेलवे की ओर से अनुमति नहीं मिलने के कारण पीडब्ल्यूडी विभाग काम शुरू नहीं कर सका। अब मंगलवार से डायवर्जन मांगा गया है।
यातायात पुलिस की ओर से रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक वाहनों के लिए डायवर्जन की योजना तैयार की गई थी। अंतिम समय में अनुमति नहीं मिलने से पूरी योजना स्थगित करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार, दो दिन बाद मंगलवार से मरम्मत कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से डायवर्जन मांगा गया है।
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्र ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत कार्य के लिए डायवर्जन की मांग की थी, लेकिन अंतिम समय में अधिकारियों ने जानकारी दी कि रेलवे की ओर से अनुमति नहीं मिल सकी है। अनुमति मिलने के बाद ही काम शुरू होगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के एडीआरएम अनुराग यादव ने बताया कि निर्माण कार्य से रेल यातायात प्रभावित हो रहा था। सुबह 3 से 5 बजे तक गोदान एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस के संचालन के कारण प्लेटफॉर्म नंबर तीन और काशी स्टेशन तक रेल आवाजाही नहीं हो पाती। इसी वजह से अनुमति रोकी गई है।