वाराणसी से पुणे के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू, यात्रियों को राहत 

बनारस रेलवे स्टेशन से पुणे तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शनिवार से शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 अप्रैल को हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई इस ट्रेन को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पहले ही दिन स्लीपर कोच आधे से अधिक भरे नजर आए, जबकि जनरल बोगियों में भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
 

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन से पुणे तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शनिवार से शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 अप्रैल को हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई इस ट्रेन को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पहले ही दिन स्लीपर कोच आधे से अधिक भरे नजर आए, जबकि जनरल बोगियों में भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।

ट्रेन संख्या 22589 अमृत भारत एक्सप्रेस बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 से प्रतिदिन शाम 6:15 बजे प्रस्थान करेगी। शनिवार को ट्रेन शाम करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म पर पहुंची, जिसके बाद यात्रियों ने अपने-अपने कोच में बैठना शुरू कर दिया। कुल 22 कोच वाली इस ट्रेन में 11 जनरल और 8 स्लीपर कोच लगाए गए हैं, साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए पैंट्री कार की भी व्यवस्था की गई है।

इस ट्रेन का स्लीपर किराया 860 रुपये निर्धारित किया गया है और यह लगभग 30 घंटे में 1710 किलोमीटर का सफर तय कर यात्रियों को पुणे पहुंचाएगी। ट्रेन का ठहराव कुल 20 स्टेशनों पर होगा, जिनमें ज्ञानपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, औराई, इटारसी, खंडवा और भुसावल प्रमुख हैं। निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन तीसरे दिन रात 12:10 बजे हड़पसर (पुणे) पहुंचेगी।

पहले दिन सफर करने वाले यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई यात्रियों ने इस ट्रेन को किफायती और सुविधाजनक बताते हुए नियमित यात्रा के लिए बेहतर विकल्प बताया। स्लीपर कोच में सफर करने वाले यात्रियों को आरामदायक सीटिंग और पर्याप्त जगह मिलने की बात भी सामने आई। इस दौरान बनारस रेलवे स्टेशन के निदेशक लवलेश राय स्लीपर कोच में पहुंचे और यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए रेलवे स्टाफ तैनात है।

ट्रेन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्लीपर कोच में 7 मई तक की सीटें फुल हो चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट 50 के पार पहुंच गई है। बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों ने बड़ी संख्या में आरक्षण कराया, जिससे यह ट्रेन वाराणसी से पुणे के बीच एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी का माध्यम बनती नजर आ रही है।