रथयात्रा मेला बनेगा प्लास्टिक मुक्त, दुकानदारों से लिया जाएगा शपथ पत्र; नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम की नई पहल, प्रत्येक दुकान के सामने डस्टबिन रखना होगा अनिवार्य
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, सड़क और सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
काशी के लक्खा मेले में शुमार है तीन दिवसीय रथयात्रा मेला, उमड़ती है लाखों की भीड़
वाराणसी। त्रिदिवसीय रथयात्रा मेले को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम ने इस बार विशेष तैयारी शुरू कर दी है। मेले को पूरी तरह प्लास्टिक (पॉलीथिन) मुक्त बनाने के उद्देश्य से मार्ग पर लगने वाली सभी अस्थायी दुकानों, ठेलों और गुमटी संचालकों से शपथ पत्र लिया जाएगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, मेले के दौरान प्रत्येक दुकानदार को यह लिखित घोषणा देनी होगी कि वह अपनी दुकान पर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित प्लास्टिक या पॉलीथिन का उपयोग नहीं करेगा। इसके साथ ही सभी दुकानदारों के लिए अपनी दुकान के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि कचरा इधर-उधर न फैले और मेला क्षेत्र पूरी तरह स्वच्छ बना रहे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को लेकर भी व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने निगम अधिकारियों को रथयात्रा मार्ग की मरम्मत कर उसे गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। महापौर ने जलकल विभाग को भी निर्देशित किया है कि मेला क्षेत्र और उससे जुड़े सभी संपर्क मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या पूरी तरह समाप्त रहे। उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान सफाई व्यवस्था चौबीसों घंटे सक्रिय रहनी चाहिए और किसी भी स्थान पर गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने दुकानदारों और नागरिकों से भी अपील की है कि वे प्लास्टिक मुक्त रथयात्रा मेले के अभियान में सहयोग करें और स्वच्छ काशी के संकल्प को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।