रामनगर रामलीला के बेकाबू हाथी के हमले में घायल महावत की मौत, चार साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। रामनगर की ऐतिहासिक रामलीला के दौरान हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल महावत घपलू नट उर्फ छपलू की उपचार के दौरान मौत हो गई। आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में उसने अंतिम सांस ली। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। चार साल के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
18 अक्टूबर को घपलू नट हाथी को नहलाने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया। उसने महावत को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। हादसे में घपलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर आजमगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन घायल पैर में संक्रमण फैलने के कारण उसका बायां पैर काटना पड़ा। इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घपलू चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिवार में उसकी पत्नी सरीकुन, चार साल का बेटा और मां कलावती हैं। उसकी मौत से परिवार के सामने दुखों के साथ आर्थिक संकट भी गहरा गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। कम उम्र में पिता को खोने वाले मासूम बच्चे और परिजनों का दर्द देखकर गांव में शोक का माहौल है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।