मुठभेड़ में पकड़ा गया पटाखा विस्फोट कांड का आरोपी राजू खान, पैर में लगी गोली, सिलेंडर ब्लास्ट की बात बताकर हो गया था फरार 

सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचकोशी स्थित पैंगबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद फरार पटाखा कारोबारी राजू खान को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। गोली सब इंस्पेक्टर के बुलेट प्रूफ जैकेट को छूकर निकली। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज कराने के बाद पूछताछ में जुटी है। 
 

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचकोशी स्थित पैंगबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद फरार पटाखा कारोबारी राजू खान को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। गोली सब इंस्पेक्टर के बुलेट प्रूफ जैकेट को छूकर निकली। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज कराने के बाद पूछताछ में जुटी है। 

पैगंबरपुर स्थित राजू खान के दो मंजिला मकान गुरुवार की शाम पांच बजे विस्फोट के बाद ध्वस्त हो गया था। घटना में कई लोग घायल हो गए। जांच में मकान में संचालित हो रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से हादसे की बात सामने आई। भवन स्वामी और पटाखा कारोबारी घटना के बाद सिलेंडर ब्लास्ट होने की बात कहकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। 

पुलिस फरार पटाखा कारोबारी की तलाश कर रही थी। डीसीपी वरूणा राजेश पांडेय के मुताबिक गुरुवार की रात पुलिस एयर शो के मद्देनजर सराय मोहना घाट की तरफ गश्त कर रही थी। उसी दौरान झाड़ियों में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने को कहा तो उसके पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली सब इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट को छूते हुए निकल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल का अस्पताल में उपचार कराने के बाद पूछताछ की जा रही है।