बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर वडनगर रवाना हुए सेवा यात्री, राजनाथ सिंह, सीएम योगी व चंद्रबाबू नायडू ने दिखाई हरी झंडी, गूंजा डमरुओं का निनाद और शंखनाद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर काशी से निकली यात्रा
ललिता घाट से गंगाजल लेकर पहुंचे बाबा दरबार, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया जलाभिषेक
रुद्राक्ष में देखी पीएम के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी
काशी से वडनगर तक सेवा, संकल्प और सांस्कृतिक एकता का संदेश लेकर जाएंगे यात्री
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को काशी से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। ललिता घाट से गंगाजल लेकर 500 सेवा यात्री डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार पहुंचे। यहां गंगाजल से बाबा का जलाभिषेक कर बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की। इसके बाद सेवा यात्री रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
जनसभा के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हरी झंडी दिखाकर सेवा यात्रियों को प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर के लिए रवाना किया। यात्रा के रवाना होते ही काशी की सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। वाराणसी की सीमा तक विभिन्न स्थानों पर काशीवासियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया।
राजनाथ बोले, काशी से वडनगर तक सेवा और संस्कारों का सेतु
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी से वडनगर तक की यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और संस्कारों को जोड़ने वाली यात्रा है। काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और वडनगर की संस्कारभूमि इस यात्रा के जरिये एक-दूसरे से जुड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी से गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव है, जबकि वडनगर उनके जन्म और प्रारंभिक संस्कारों की भूमि है। यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और सेवा भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। काशी की आस्था, परंपरा और संस्कृति को वडनगर तक पहुंचाने के साथ सेवा और संकल्प की भावना जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
योगी बोले, 25 साल का सेवा संकल्प बना जन-जन की यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा के संकल्प की यात्रा है। एक सामान्य परिवार से निकलकर गुजरात से शुरू हुई यह यात्रा आज पूरे भारत की यात्रा बन चुकी है। देश का शायद ही कोई नागरिक होगा, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा संकल्प से जुड़ा न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा का प्रभाव देश के बदलते गांवों की तस्वीर में साफ दिखाई देता है। आज गांव विकास और सफलता की कहानी कह रहे हैं। यह बदलाव सेवा, विकास और जनभागीदारी के संकल्प का परिणाम है।
चंद्रबाबू नायडू ने दिया ‘वीकेएस’ का मंत्र
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री के जीवन को संघर्षों के बीच सफलता की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में शिक्षा हासिल करने के बावजूद कोई चुनौती उनके संकल्प को रोक नहीं सकी। प्रधानमंत्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। नायडू ने ‘वीकेएस’ मंत्र की व्याख्या करते हुए ‘वी’ का अर्थ वैलर यानी साहस और ‘के’ का अर्थ पैशन यानी जुनून बताया। उन्होंने ‘एस’ को 17 सितंबर से जोड़ते हुए कहा कि यह मंत्र देशवासियों में सकारात्मक ऊर्जा और संकल्प का संचार कर सकता है। सामूहिक सकारात्मक सोच के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख हिस्सा
काशी से वडनगर तक जाने वाली बाइक यात्रा भाजपा के 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रमुख हिस्सा है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा यात्री प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर पहुंचकर अभियान के संदेश को आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।