राजातालाब तहसील : संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों की बाढ़, 217 में सिर्फ 9 मामलों का मौके पर निस्तारण

वाराणसी। राजातालाब तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 217 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, लेकिन मौके पर केवल 9 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिंनसिनवार ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।
 
सड़क, नाली और जमीन कब्जे जैसे मुद्दे रहे प्रमुख
समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने सड़क, नाली, खड़ंजा, राशन कार्ड और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाईं। बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे, जिससे तहसील परिसर में दिनभर भीड़ बनी रही।

बिजली के खुले तार से हादसे की आशंका
बीरभानपुर निवासी श्रवण कुमार ने खुले बिजली तारों से किसी बड़े हादसे की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

न्यायालय से फाइल गायब होने का मामला भी उठा
भीखमपुर निवासी रामचंद्र ने न्यायालय से फाइल गायब होने की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिंनसिनवार ने कहा कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।