राजातालाब ओवरब्रिज : चलती ट्रक में पीछे से घुसी दूसरी ट्रक
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के मेहदीगंज-राजातालाब ओवरब्रिज पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आगे चल रही ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाली ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक और खलासी दोनों इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गए।
केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने में जुटे लोग
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। इसी दौरान सूचना पाकर चौकी प्रभारी कस्बा राजातालाब राजेश मौर्या भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
तत्काल राहत से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ पल के लिए स्थिति भयावह हो गई थी। लेकिन समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि खलासी भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए लगा जाम
हादसे के कारण ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।