एनटीपीसी परीक्षा के लिए रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेनें, अभ्यर्थियों को होगी सहूलियत

रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाई हैं। इन ट्रेनों का संचालन 13 से 21 जून तक किया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में परेशानी न हो।
 

वाराणसी। रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाई हैं। इन ट्रेनों का संचालन 13 से 21 जून तक किया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में परेशानी न हो।

वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 05149 वाराणसी सिटी-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन वाराणसी सिटी से शाम 7:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सारनाथ, औड़िहार और जखनियां होते हुए रात 9:20 बजे मऊ पहुंचेगी। इसके बाद बेल्थरा रोड, लार रोड, देवरिया होते हुए गोरखपुर रात 2:15 बजे पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 05150 गोरखपुर-वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 14 जून से 21 जून तक गोरखपुर से रात 3:15 बजे चलेगी। यह देवरिया, भटनी, मऊ, जखनियां और औड़िहार होते हुए सुबह 9:15 बजे वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इन ट्रेनों में अनारक्षित कोच की संख्या बढ़ाई जाएगी। 

इसके अलावा उत्तर रेलवे की ओर से ट्रेन संख्या 04206 लखनऊ-वाराणसी स्पेशल और ट्रेन संख्या 04208 वाराणसी-गया स्पेशल को भी परीक्षा के मद्देनजर चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों से अभ्यर्थियों को यात्रा में काफी राहत मिलेगी।