कैंट स्टेशन कार पार्किंग में 5 मिनट गाड़ी खड़ा करने पर वसूले 60 रुपये, रेलवे ने लगाया 1 लाख जुर्माना, 10 मिनट के पिक एंड ड्राप की सुविधा है निःशुल्क 

कैंट रेलवे स्टेशन पर कार पार्किंग में निर्धारित समय से पहले ही शुल्क वसूलने का मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में अनियमितता मिलने पर पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
 

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर कार पार्किंग में निर्धारित समय से पहले ही शुल्क वसूलने का मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में अनियमितता मिलने पर पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

शिकायत से आरोप लगाया गया था कि 5 मिनट तक वाहन खड़ा करने पर भी 60 रुपये की पार्किंग फीस वसूली जा रही थी, जबकि रेलवे के नियमों के अनुसार 10 मिनट तक ‘पिक एंड ड्रॉप’ के लिए कोई शुल्क देय नहीं है।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की शिकायत मिलने पर कैंट स्टेशन निदेशक अमित गुप्ता ने मामले की जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही संचालक को भविष्य में रेलवे के निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने और यात्रियों से निर्धारित शुल्क ही लेने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई वाहन 10 मिनट के भीतर पिक एंड ड्रॉप के लिए आता-जाता है, तो उससे किसी प्रकार का पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि निर्धारित समय से पहले शुल्क वसूला जाता है तो यात्री इसकी शिकायत रेलवे प्रशासन से कर सकते हैं।