कैंट स्टेशन पर रेलवे सुरक्षाबलों ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने, अवैध रूप से घूमने और अवैध वेंडरों पर कार्रवाई
वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल ने शनिवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन और बाबतपुर स्टेशन क्षेत्र में अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। इस दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म और टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। रेलवे नियमों का उल्लंघन करने के विभिन्न मामलों में कुल 15 लोगों के खिलाफ जन विश्वास अधिनियम, 2026 के तहत कार्रवाई की गई।
स्टेशन पर जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों को यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी। यात्रियों से अपील की गई कि किसी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें और न ही उसे दें। ऐसा करने से जहरखुरानी का शिकार होने का खतरा रहता है। यात्रा के दौरान किसी भी तरह की समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना देने को कहा गया। साथ ही, गाड़ियों में अनावश्यक चेन पुलिंग न करने और रेलवे सुरक्षा बल का सहयोग करने की अपील की गई। स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी भी की जा रही है।
महिला और दिव्यांग कोचों की जांच
अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल ने सारनाथ एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस के महिला तथा दिव्यांग कोचों की जांच की। इस दौरान वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। महिला कोचों में मिले पुरुष यात्रियों के परिजनों को उनके निर्धारित कोच में भेजने की व्यवस्था की गई, ताकि महिला यात्रियों को असुविधा न हो।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई
रेलवे एक्ट और जन विश्वास अधिनियम के तहत चलाए गए अभियान में वाराणसी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और भूसा साइडिंग की ओर जाने वाली मालगोदाम सड़क पर नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने के मामले में पांच चार पहिया टैक्सी वाहनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 159 के तहत कार्रवाई की गई। स्टेशन परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने और घूमने के मामले में सात लोगों के खिलाफ धारा 147 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, रेलवे सुरक्षा बल चौकी बाबतपुर की जांच में अवैध रूप से खानपान सामग्री बेचने पर एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 144 के तहत कार्रवाई हुई। स्टेशन पर अनधिकृत रूप से घूमने के मामले में एक व्यक्ति और प्लेटफार्म पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने के मामले में एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशन परिसर में अनुशासन और रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान जारी रखने की बात कही।