वाराणसी के 39 प्रमुख स्थानों पर लगे प्याऊ, नगर निगम की पहल से भीषण गर्मी में राहगीरों को मिलेगी राहत 

तेज गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच नगर निगम ने शहरवासियों और राहगीरों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने शहर के 39 प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर और प्याऊ की व्यवस्था शुरू कर दी है। इस पहल से खासकर उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो दिनभर काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं या यात्रा करते हैं।
 

वाराणसी। तेज गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच नगर निगम ने शहरवासियों और राहगीरों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने शहर के 39 प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर और प्याऊ की व्यवस्था शुरू कर दी है। इस पहल से खासकर उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो दिनभर काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं या यात्रा करते हैं।

नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 17 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं, जबकि 22 स्थानों पर पारंपरिक प्याऊ की व्यवस्था की गई है। इन सभी स्थानों का चयन शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन प्याऊ का संचालन उद्यान विभाग की निगरानी में किया जा रहा है, जिससे पानी की स्वच्छता और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शहर के अन्य क्षेत्रों से इस तरह की सुविधा की मांग आती है, तो भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।

शहर के जिन प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं, उनमें अस्सी घाट, रविदास गेट, गोलघर कचहरी रोड, पांडेयपुर चौराहा, कचहरी परिसर, सारनाथ जोनल कार्यालय, धोबीघाट (बजरडीहा), महमूरगंज तिराहा, ऋषे-माण्डवी जोनल कार्यालय, रामनगर किला और मंसा देवी मंदिर जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इनमें से अधिकांश स्थानों पर वाटर कूलर चालू हो चुके हैं, जबकि शेष स्थानों पर जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, 22 अन्य स्थानों पर प्याऊ की सुविधा भी शुरू की गई है। इनमें लक्सा थाना क्षेत्र के पास, रत्नाकर पार्क, आनंद बाग पार्क, मैदागिन, शहीद उद्यान (पूर्वी द्वार), कचहरी, पांडेयपुर हनुमान मंदिर, मच्छोदरी पार्क, तेलियाबाग तिराहा, रामकटोरा चौराहा, सिगरा थाना क्षेत्र के सामने और प्रमुख घाटों जैसे अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, नमो घाट और भैंसासुर घाट शामिल हैं।