पूर्वांचल को मिलेगा 500 बेड वाला आधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, पीएम ने किया था शिलान्यास, भूमिपूजन के साथ शुरू हुआ निर्माण

ऐतिहासिक कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय अब अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वाराणसी दौरे के दौरान अस्पताल का शिलान्यास किया था। रविवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विधिवत भूमिपूजन कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया। अस्पताल के निर्माण से पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी। 
 

वाराणसी। ऐतिहासिक कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय अब अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वाराणसी दौरे के दौरान अस्पताल का शिलान्यास किया था। रविवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विधिवत भूमिपूजन कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया। अस्पताल के निर्माण से पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी। 

विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष पहल और दूरदर्शी सोच के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से कार्य शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा 28 अप्रैल को शिलान्यास किए जाने के बाद अब विधिवत पूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1870-75 के बीच स्थापित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल के लाखों लोगों के उपचार का प्रमुख केंद्र रहा है। लंबे समय से अस्पताल की पुरानी इमारतें जर्जर हो चुकी थीं, जिसके चलते आधुनिक जरूरतों के अनुरूप नए भवन निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नई इमारत तैयार की जाएगी, जो चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में नया मानक स्थापित करेगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 300 बेड क्षमता वाले अस्पताल को विस्तार देकर 500 बेड का बनाया जाएगा। नई परियोजना के तहत दो टावरों वाला आठ मंजिला सुपर स्पेशलिटी भवन निर्मित होगा। इसमें आधुनिक तकनीक आधारित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े।

नई परियोजना में हृदय रोग, न्यूरो और कैंसर मरीजों के लिए विशेष चिकित्सा इकाइयों की स्थापना की जाएगी। अस्पताल में 50 से अधिक ICU बेड और 100 से अधिक HDU बेड की व्यवस्था होगी। इसके अलावा किडनी रोगियों के लिए 20 बेड का अत्याधुनिक डायलिसिस वार्ड भी बनाया जाएगा। बच्चों के बेहतर उपचार के लिए समर्पित चाइल्ड यूनिट विकसित की जाएगी, जबकि निकट स्थित महिला अस्पताल में बच्चों के लिए अलग ICU भवन निर्माण की भी योजना तैयार की गई है।

मरीजों और तीमारदारों को होने वाली पार्किंग समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल परिसर में 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे अस्पताल आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी और परिसर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि अस्पताल भवन निर्माण के लिए 315 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलग से बजट उपलब्ध कराया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन 2 से 3 हजार मरीजों तक पहुंचती है, जबकि कई दिनों में यह संख्या 4 हजार तक हो जाती है। वाराणसी के अलावा पूर्वांचल के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज कराने आते हैं।

 

विधायक ने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल का सबसे आधुनिक, विश्वस्तरीय और मानक आधारित सरकारी अस्पताल बनकर उभरेगा। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उच्चस्तरीय एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा काशी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगी।



<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/U6RAmhTc8qo?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/U6RAmhTc8qo/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">