शास्त्री घाट पर सवर्ण समाज का प्रदर्शन जारी, बोले-मांग पूरी होने तक नहीं थमेगा आंदोलन
वाराणसी। यूजीसी आरक्षण व्यवस्था के विरोध में सवर्ण समाज की ओर से शास्त्री घाट पर चल रहा धरना गुरुवार को 13वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और उनसे वार्ता कर समाधान का रास्ता निकालना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, वे पिछले 13 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से शास्त्री घाट पर आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक भारतीय जनता पार्टी का कोई मंत्री या विधायक उनसे मिलने नहीं पहुंचा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धरना स्थल पर अभी तक केवल एसडीएम पहुंचे और उन्होंने आंदोलनकारियों से बातचीत कर उनका ज्ञापन लिया।
सांसद हमारी बात सुनें
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धरना स्थल पर बुलाने की मांग नहीं कर रहे हैं। उनकी अपेक्षा सिर्फ इतनी है कि हमारी बात सुनी जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद होने के नाते उनसे मिलने और उनकी समस्याओं को समझने की उम्मीद है।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि 13 दिन से लगातार धरना चलने के बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित स्तर पर ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के बावजूद यदि उनकी आवाज नहीं सुनी जाती है तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
सवर्ण समाज के लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक यूजीसी आरक्षण संबंधी व्यवस्था या बिल को वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन समाप्त नहीं होगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि उनके प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया जाए और यूजीसी आरक्षण के मुद्दे पर उनकी आपत्तियों को सुना जाए।
धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांग दोहराई। आंदोलनकारियों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाते रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक शास्त्री घाट पर धरना जारी रहेगा।