वाराणसी में निवेश को मिलेगी नई रफ्तार, 21 हजार करोड़ से अधिक के प्रस्तावों की हुई समीक्षा
वाराणसी। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में निवेश प्रस्तावों की प्रगति, औद्योगिक परियोजनाओं की स्थिति और निवेशकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निवेशकों से जुड़े सभी प्रकरणों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों को प्रोत्साहन देना और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त उद्योग ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद में अब तक 197 एमओयू के माध्यम से कुल 21,922.12 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 96 परियोजनाएं पूरी तरह संचालित हो चुकी हैं, जिन पर 5,241.54 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इसके अलावा 27 परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्राप्त 265 आवेदनों में से 137 को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों को निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक आस्थान चांदपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हटाने के लिए एआरटीओ तथा अवैध रूप से संचालित ठेले और खोमचे हटाने के लिए नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, सूखे पेड़ों की कटाई, जर्जर डाकघर भवन को खाली कराने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को इन मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की संभावनाओं पर भी जोर देते हुए आवश्यक कार्यवाही शुरू करने को कहा। बैठक के अंत में उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि उद्योग स्थापना से जुड़ी सरकारी योजनाओं, अनुदानों और सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने निवेशकों और उद्यमियों से वाराणसी में निवेश के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडीसीपी राजेश कुमार यादव, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।