केंद्रीय कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी की मौत 

केंद्रीय कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे 80 वर्षीय कैदी नसीम की बुधवार को मौत हो गई। बताया गया कि सुबह करीब 6 बजकर 55 मिनट पर बैरक में तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन आवश्यक कार्रवाई में जुटा रहा।
 

वाराणसी। केंद्रीय कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे 80 वर्षीय कैदी नसीम की बुधवार को मौत हो गई। बताया गया कि सुबह करीब 6 बजकर 55 मिनट पर बैरक में तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन आवश्यक कार्रवाई में जुटा रहा। 

जेल प्रशासन के अनुसार नसीम को वर्ष 2019 में प्रशासनिक आधार पर हमीरपुर से वाराणसी की केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित किया गया था। वह हत्या के एक मामले में सजा काट रहा था। नसीम लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था। उसे हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, लकवा और सांस संबंधी समस्या थी। उसकी हालत को देखते हुए उसे अक्सर जेल अस्पताल में भर्ती रखा जाता था और बीएचयू अस्पताल की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था।

कारापाल अखिलेश कुमार ने बताया कि नसीम की बीमारी को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराया गया था। वर्ष 2022 में मेडिकल बोर्ड ने समयपूर्व रिहाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट भी दी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से उसे रिहाई नहीं मिल सकी। इसके बाद वर्ष 2025 में भी मेडिकल बोर्ड द्वारा जेल से छोड़े जाने की रिपोर्ट दी गई थी, किंतु उसके अमल में आने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

जेल प्रशासन ने बताया कि सुबह कैदी के अचेत होकर गिरने की सूचना मिलते ही जेल चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों और परिजनों को दे दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा रहा।