नाटी इमली के विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप की तैयारी तेज, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण 

नाटी इमली के विश्वप्रसिद्ध भरत मिलाप आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भरत मिलाप मार्ग और आयोजन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा व सुविधाओं तक में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
 

नगर आयुक्त ने सफाई, फॉगिंग, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

वाराणसी। नाटी इमली के विश्वप्रसिद्ध भरत मिलाप आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भरत मिलाप मार्ग और आयोजन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा व सुविधाओं तक में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आयोजन स्थल और मार्ग पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, चूने एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने तथा मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने का निर्देश दिया। इसके लिए प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आयोजन के दौरान किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

भीड़ नियंत्रण के लिए होगी मजबूत बैरिकेडिंग
भरत मिलाप में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मुख्य मार्ग और आयोजन परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने सीमेंटेड चबूतरों की रंगाई-पुताई कराने और क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की मरम्मत कराने को भी कहा। इन कार्यों की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता, सिविल को सौंपी गई। वहीं, शाम और रात के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिशासी अभियंता, मार्ग प्रकाश को दिए गए।

पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और जल निकासी पर जोर
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपयुक्त स्थानों पर शुद्ध पेयजल के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट लगाने को कहा गया। साथ ही जलकल विभाग के महाप्रबंधक को सीवर चैंबर और गली पीट की सफाई कराने तथा सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि आयोजन के दौरान लोगों को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रमोद राय, सहायक अभियंता सिविल, अवर अभियंता जलकल, सफाई निरीक्षक, अवर अभियंता मार्ग प्रकाश सहित नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।