छठ और देव दीपावली को लेकर नगर निगम की तैयारी तेज, महापौर और नगर आयुक्त ने की समीक्षा, जल्द तैयारी पूरी करने के दिए निर्देश
वाराणसी। डाला छठ और देव दीपावली को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नमो घाट से सामने घाट तक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जाएंगी। रामनगर क्षेत्र, वरुणा नदी के पक्के घाटों और शहर के सभी कुंडों व तालाबों की मरम्मत तथा सफाई के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की संयुक्त अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में तैयारियों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में महापौर ने कहा कि वर्षा जलभराव, दुर्गापूजा, रामनगर रामलीला, भरत मिलाप और एयर शो के दौरान अधिकारियों ने बेहतर काम किया। अब सभी का पूरा ध्यान डाला छठ और देव दीपावली की तैयारियों पर होना चाहिए। उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए घाटों और जलाशयों का बारीकी से निरीक्षण करने को कहा। नमो घाट से सामने घाट, रामनगर के घाटों, वरुणा नदी के पक्के घाटों तथा नगर क्षेत्र के कुंडों और तालाबों में टूट-फूट, मलबा या गंदगी मिलने पर तत्काल मरम्मत और सफाई कराने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले चेंजिंग रूम स्थापित किए जाएंगे। आलोक विभाग को समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। दलदल वाले स्थानों पर बालू भरी बोरियां रखी जाएंगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पशु चिकित्सा अधिकारी को घाटों से छुट्टा पशुओं को हटाने और उनके पाए जाने पर पकड़कर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। वहीं, जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नाव और पैदल गश्त कर घाटों की सफाई की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
बैठक में विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। महापौर ने सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण में देरी पर नाराजगी जताई। ककरमत्ता तालाब, जेपी मेहता एथलीट प्ले ग्राउंड और पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियों के सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा कराने का निर्देश दिया। मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र के अधीन धीमी गति से चल रहे गली सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी उन्होंने असंतोष जताया और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा सहित जलकल, अभियंत्रण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।