वाराणसी में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, पहले चरण में होगी मकानों की गिनती, यूपी कॉलेज में शुरू हुई अधिकारियों की ट्रेनिंग

वाराणसी। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत वाराणसी में जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। सोमवार को यू पी कॉलेज के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले बैच के अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 मार्च तक चलेगा।
 

वाराणसी। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत वाराणसी में जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। सोमवार को यू पी कॉलेज के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले बैच के अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 मार्च तक चलेगा।

मास्टर ट्रेनर्स ने समझाई जनगणना की पूरी प्रक्रिया
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। इसमें जनगणना की परिभाषाएं, हाउस लिस्टिंग, लेआउट मैप तैयार करना और आंकड़ा संकलन की विधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करते समय किन बिंदुओं का विशेष ध्यान रखना होगा ताकि आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया जनगणना का महत्व
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया, उसकी महत्ता और गोपनीयता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

दो चरणों में पूरा होगा जनगणना कार्य
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। पहले चरण में ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य किया जाएगा। इसके लिए जिले में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर पूरी तैयारी की जा रही है, ताकि निर्धारित समय पर कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।

मई में शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 7 मई से 21 मई 2026 तक आम नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर दिया जाएगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

दूसरे बैच का प्रशिक्षण 19 मार्च से
प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा बैच 19 मार्च से 23 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद स्तर के अन्य फील्ड ट्रेनर्स को भी जनगणना से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी प्रशिक्षित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य को सुचारू और सटीक तरीके से संपन्न कर सकें।