जनगणना-2027 की तैयारी तेज, वाराणसी में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को गति देते हुए मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के लिए फील्ड ट्रेनर्स (FT) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उदय प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 142 फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में ट्रेनर्स को जनगणना की बारीकियां सिखाई गईं। 
 

वाराणसी। जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को गति देते हुए मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के लिए फील्ड ट्रेनर्स (FT) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उदय प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 142 फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में ट्रेनर्स को जनगणना की बारीकियां सिखाई गईं। 

प्रशिक्षण के अंतिम दिन कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. सदानन्द गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। यह प्रशिक्षण राज्य स्तर पर प्रशिक्षित चार मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दो चरणों में संचालित किया गया, जिसमें 16 से 18 मार्च और 19 से 23 मार्च तक अलग-अलग बैचों में प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना-2027 की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से डिजिटल एप के माध्यम से डेटा संग्रहण, मकानों का सूचीकरण, परिवारों की गणना और सर्वेक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के तरीकों पर जोर दिया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना कार्य के महत्व, उसकी सटीकता और समयबद्धता को रेखांकित करते हुए प्रतिभागियों को फील्ड में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में भी अवगत कराया।

प्रशिक्षण के तहत सभी फील्ड ट्रेनर्स को व्यावहारिक अनुभव देने के लिए उन्हें चार समूहों में विभाजित कर क्षेत्र में भेजा गया, जहां उन्होंने वास्तविक परिस्थितियों में सर्वे कार्य का अभ्यास किया। इससे प्रतिभागियों को जमीनी स्तर पर कार्य करने की समझ विकसित हुई।

प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स अवधेश यादव, संदीप कुमार विश्वास, वीरेंद्र कुमार सिंह और विनय कुमार सिंह (द्वितीय) ने प्रतिभागियों को तकनीकी और व्यावहारिक दोनों पहलुओं की गहन जानकारी प्रदान की।

समापन अवसर पर डॉ. सदानन्द गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा की कि वे प्राप्त प्रशिक्षण का उपयोग पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।