पुलिस सख्त: मानकों की अनदेखी करने वाले 13 नाविकों पर मुकदमा, 3 नावें सीज, बिना लाइफ जैकेट और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई

मीरघाट पर गंगा नदी में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर दशाश्वमेध थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 13 नाविकों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है तथा 3 नावों को सीज़ (जब्त) किया है। यह कार्रवाई रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई।
 

वाराणसी। मीरघाट पर गंगा नदी में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर दशाश्वमेध थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 13 नाविकों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है तथा 3 नावों को सीज़ (जब्त) किया है। यह कार्रवाई रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई।

वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र में बिना लाइफ जैकेट के नाव संचालन और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले नाविकों के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध और थाना दशाश्वमेध की टीम ने मीरघाट के सामने गंगा में चेकिंग की।

अभियान के दौरान पाया गया कि कई नाविक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बिना लाइफ जैकेट के ही नाव में बैठाकर गंगा में भ्रमण करा रहे थे, साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी भी बैठाई जा रही थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन नावों को सीज़ कर दिया और संबंधित नाव संचालकों के खिलाफ थाना दशाश्वमेध में मुकदमे दर्ज किए।

इस मामले में मु.अ.सं. 88/2026, 89/2026 और 90/2026 धारा 282 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अजीत साहनी (25 वर्ष), मुकेश साहनी (20 वर्ष) और विशाल निषाद (19 वर्ष) शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी रविवार शाम करीब 5:40 बजे मीरघाट के सामने से की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गंगा में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य है। प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना और नाव की निर्धारित क्षमता का पालन करना जरूरी है। नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी अपील की है कि नाव में बैठने से पहले लाइफ जैकेट अवश्य पहनें और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।