जैतपुरा में जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, पांच गिरफ्तार, 3,470 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद
वाराणसी। श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान जैतपुरा पुलिस ने जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए में दांव पर लगाए गए 3,470 रुपये और 52 ताश के पत्तों की एक गड्डी बरामद की। कार्रवाई 8 अगस्त 2026 की शाम रेलवे लाइन के किनारे मुश्लिमपुरा क्षेत्र में की गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और वांछित एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुश्लिमपुरा में रेलवे लाइन के किनारे कुछ लोग रुपये की हार-जीत लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए जैतपुरा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां पांच लोगों को ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। तलाशी और मौके की कार्रवाई के दौरान 52 ताश के पत्तों की एक गड्डी तथा जुए में प्रयुक्त कुल 3,470 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक जायसवाल (27) निवासी नई बस्ती अमरपुर मढ़िया, मो. सफीक (30) निवासी इब्राहिमपुरा, सद्दाम अहमद (35) निवासी लाट भैरव सरैया, नियाज अहमद (37) निवासी पड़ाव बहादुरपुर, थाना मुगलसराय, चंदौली और मो. रजा उर्फ राज (27) निवासी लाट भैरव सरैया, जैतपुरा के रूप में की है।
जैतपुरा थाने में आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 0181/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी सरैया उपनिरीक्षक विकास पांडेय, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल विजय कुमार सरोज तथा कांस्टेबल नवीन कुमार, रिंकू कुमार, नितेश गौड़ और लक्ष्मीकांत शामिल रहे।