त्योहारों पर सराफा बाजार से प्रमुख चौराहों तक पुलिस की निगरानी, डीसीपी ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

आगामी त्योहारों के मद्देनजर वाराणसी में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सराफा बाजारों से लेकर प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मंगलवार को पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वरुणा जोन में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक, बाजारों में नियमित चेकिंग, संदिग्धों के सत्यापन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर

वाराणसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर वाराणसी में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सराफा बाजारों से लेकर प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मंगलवार को पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में डीसीपी ने त्योहारों के दौरान सराफा बाजारों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने को कहा। इसके लिए नियमित चेकिंग और निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

अपराधियों पर रहेगी विशेष नजर
डीसीपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों और नकबजनी में संलिप्त रहे अभियुक्तों का सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जाए। त्योहारों के दौरान नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखी जाए, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

जाम से निपटने के लिए बनेगी प्रभावी व्यवस्था
बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थानों पर उपलब्ध पुलिस बल के अनुसार पिकेट और ड्यूटी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। डीसीपी ने थानों के अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।

अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आमजन की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।