पुलिस ने बिछाया जाल, फंस गए पैसे लेकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन कराने वाले दलाल, 25 धराए
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ वाराणसी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 25 लोगों को गिरफ्तार किया, जो श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने का लालच देकर पैसे की मांग कर रहे थे।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में चौक और दशाश्वमेध थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने नए भर्ती हुए जवानों को सामान्य श्रद्धालु बनाकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भेजा। इस दौरान कई लोगों द्वारा दर्शन कराने के नाम पर पैसों की मांग किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर परिसर में दलालों और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी भी व्यक्ति को दर्शन के नाम पर पैसा न दें और ऐसी गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।