वाराणसी जंक्शन के सामने खुला पुलिस सहायता केन्द्र, पुलिस कमिश्नर ने किया उद्घाटन, यात्रियों और नागरिकों को मिलेगी मदद
वाराणसी। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना सिगरा क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी जंक्शन के सामने नवस्थापित पुलिस सहायता केन्द्र का उद्घाटन किया। इस केन्द्र का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों, यात्रियों और व्यापारियों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।
वाराणसी जंक्शन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। बढ़ती भीड़ और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस पुलिस सहायता केन्द्र की स्थापना की गई है। यह केन्द्र स्टेशन परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सहायता केन्द्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। इससे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यह केन्द्र विशेष रूप से महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और बाहरी यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए उपयोगी साबित होगा। स्टेशन पर आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी और सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगी।
पुलिस आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे जनता के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार अपनाएं तथा शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस सहायता केन्द्र के संचालन से अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी विभिन्न चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिगरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।