रामनगर में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक को लगी गोली, दो गिरफ्तार, लूटकांड में तलाश रही थी पुलिस 

रामनगर के बंदरगाह इलाके में सोमवार की सुबह चेतगंज और रामनगर थाने की संयुक्त पुलिस टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को पकड़ा। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले दिनों चेतगंज इलाके में लूट की घटना में पुलिस दोनों को तलाश रही थी। 
 

वाराणसी। रामनगर के बंदरगाह इलाके में रविवार की रात चेतगंज और रामनगर थाने की संयुक्त पुलिस टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को पकड़ा। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले दिनों चेतगंज इलाके में लूट की घटना में पुलिस दोनों को तलाश रही थी। 

 

मुठभेड़ की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि चेतगंज थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस को सूचना मिली कि लूट कांड के आरोपी रामनगर इलाके में मौजूद हैं। रविवार की रात दोनों के रामनगर इलाके में होने की सटीक सूचना पर चेतगंज थाना प्रभारी वीके शुक्ला और रामनगर एसओ संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकेबंदी। 

पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश आकाश सेठ को गोली लगी। उसे पैर में गोली लगी है। वहीं उसका साथी आशीष मौर्या भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे भी घेरकर पकड़ लिया। 

 

एडीसीपी ने बताया कि बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त असलहा और अन्य सामान बरामद किया गया है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।