यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस सख्त, 141 वाहनों पर कार्रवाई, नौ सीज, रॉंग साइड, बिना नंबर प्लेट और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान

जनसुरक्षा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गोमती जोन पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र के निर्देशन में सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों समेत प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान 141 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए नौ को सीज कर दिया गया। 
 

वाराणसी। जनसुरक्षा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गोमती जोन पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र के निर्देशन में सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों समेत प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान 141 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए नौ को सीज कर दिया गया। 

अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस ने गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने और सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर विशेष नजर रखी। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और अन्य यातायात उल्लंघनों की भी जांच की गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 141 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की गई। इनमें नौ वाहनों को सीज किया गया। रॉन्ग साइड में वाहन चलाने वाले 93 वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन सीज किया गया। बिना नंबर प्लेट के मिले एक वाहन का चालान और आठ वाहनों को सीज किया गया। वहीं, अवैध पार्किंग के मामले में 47 वाहनों का चालान किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सड़क किनारे गलत ढंग से खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग को प्रभावी तरीके से रोका जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान और सीज की कार्रवाई जारी रखी जाए।

अपर पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।